वफ़ा , उम्मीद और तुम
वह हमारे शहर तो आए पर हमसे नहीं मिले, क्या यूं ही चलते रहेंगे जिंदगी भर यह सिलसिले? यह तो ऐसे हुआ कि हवा तो चली मगर पत्ते एक भी नहीं हिले, क्या तुम्हें कभी कोई लगाव था या सिर्फ हमसे थे गिले? हम तो राहों में तुम्हारी आँखें बिछाए मुंतज़िर ही रह गए, और तुम्हारे ही इंतज़ार में दिल के सारे अरमाँ आंसुओं में बह गए। अगर रखनी ही थी दूरी तो कह देते साफ़-साफ़, तुम्हारे खामोश रहने से तो मेरे भरे ज़ख्म भी गए छिले! हम तो आज भी उम्मीदों के दीये जलाए बैठे हैं, गर रूबरू न हो सको, कम से कम तुम्हारे ख़त तो मिले। शायद तुम्हें खबर नहीं कि हम किस दौर से गुजरे हैं, हंसते हुए चेहरों के पीछे जाने कितने दर्द छुपे मिले। तल्लुक तोड़ना ही था तो एक बार मुड़कर तो देखते, हम तो वहीं खड़े रहे जहां तुम हमसे पहली बार थे मिले। अब तो बस खुदा से यही एक गुज़ारिश है मेरी, कि आने वाले कल में तुम्हें हम कभी न मिले!
